
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। महिदपुर के झारड़ा थाना क्षेत्र के अरनिया वेणा गांव में एक विवाहिता के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर महिला के बाल काटे गए, उसे जूतों-चप्पलों की माला पहनाई गई और अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार से खबर:
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी अरनिया वेणा गांव में हुई थी। वर्ष 2023 में वह अपने पहले पति को छोड़कर गांव के ही एक युवक के साथ रहने चली गई थी। बाद में दोनों ने विवाह कर लिया और इंदौर में रहने लगे।
बताया जा रहा है कि हाल ही में महिला पैतृक संपत्ति में अपने हिस्से की मांग को लेकर गांव पहुंची थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति, ससुर और अन्य परिजनों समेत 11 लोगों ने महिला के साथ मारपीट की, उसके बाल काट दिए, जूतों-चप्पलों की माला पहनाई और अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। पीड़िता की शिकायत के आधार पर झारड़ा थाना पुलिस ने 3 महिलाओं सहित 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो बनाकर वायरल करने वाले आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कहा है कि पीड़िता को हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और इस जघन्य घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








