
नर्मदापुरम। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” विशेष अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला, नर्मदापुरम में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं के लिए चित्रकला, निबंध, पेंटिंग, स्लोगन, रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्रीमती स्नेहा चंदेल, उप निरीक्षक प्रह्लाद सिंह प्रजापति तथा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना मिश्रा ने छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा युवाओं को इससे दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाना चाहिए।
इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि विद्यालय के बाहर अपने बच्चों को लेने आए अभिभावकों को भी नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और उन्हें नशा मुक्ति अभियान का सक्रिय हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों और समाज में भी नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
संवाददाता: रूद्र प्रताप सिंह चौहान, नर्मदापुरम







