BREAKING

सनावद (खरगोन)। जिले के सनावद स्थित शासकीय अस्पताल एक बार फिर विवादों में आ गया है। अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहिणी जाधव पर एक महिला मरीज के साथ अभद्र व्यवहार करने और उसका मोबाइल फोन छीनकर फेंकने से तोड़ देने का आरोप लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार ग्राम राहड़कोट निवासी उमाबाई, पति श्रवण साद, अपनी बेटी की प्रसूति शासकीय अस्पताल में कराने के बाद नवजात और उसकी मां के खानपान एवं दवाइयों को लेकर डॉक्टर से सलाह लेने पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर रोहिणी जाधव नाराज हो गईं, उन्होंने महिला को फटकार लगाई और उसका मोबाइल छीनकर फेंक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने अस्पताल प्रभारी डॉ. ए.एस. चौहान को शिकायत सौंपते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही कुछ आशा कार्यकर्ताओं पर अवैध वसूली करने के आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग भी की गई।
विरोध के दौरान कई अन्य महिलाओं और मरीजों ने भी आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर उपचार नहीं मिलता, कुछ आशा कार्यकर्ता मरीजों से अवैध वसूली करते हैं तथा निजी जांच केंद्रों पर जांच कराने के लिए दबाव बनाया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों और निजी जांच केंद्रों की कथित मिलीभगत की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं।








