पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या, पैरों के निशान और एफएसएल जांच से खुला राज
खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के कुसुम्बिया गांव में प्रेम-प्रसंग के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। आरोपी ने घर के आंगन में सो रहे 28 वर्षीय केदार के सिर पर लकड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले पैरों के निशान, एफएसएल जांच और साइबर सेल की मदद से मामले का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी और मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात भोजन के बाद केदार अपने घर के आंगन में खटिया पर सो गया था। बुधवार सुबह परिजनों ने उसे खून से लथपथ मृत अवस्था में देखा। सूचना पर पंधाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शुरुआती पूछताछ में पत्नी समेत परिजनों ने हत्या की जानकारी होने से इनकार किया।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले पैरों के निशानों का पीछा करते हुए पुलिस एक क्रेशर मशीन तक पहुंची। इसके बाद साइबर सेल की मदद से संदेही करण पिता राजू से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
डीएसपी (मुख्यालय) अनिल सिंह चौहान ने बताया कि मृतक की पत्नी और करण के बीच प्रेम-प्रसंग था। दोनों ने मिलकर केदार की हत्या की योजना बनाई थी, जिसके तहत करण ने रात में घर पहुंचकर सो रहे केदार के सिर पर लकड़ी से कई वार किए और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Hashtags:
#Khandwa #MadhyaPradesh #CrimeNews #MurderCase #LoveAffair #PoliceInvestigation #FSL #CyberCell #BreakingNews #MPNews








