
मंदसौर। जिले के गरोठ क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब हरियाणा पुलिस की हिरासत में मौजूद दो आरोपी पेट्रोल पंप पर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, हरियाणा पुलिस दोनों आरोपियों को सागर की ओर से हरियाणा लेकर जा रही थी। इसी दौरान गरोठ में वाहन में पेट्रोल भरवाने के लिए पुलिस रुकी।
बताया जा रहा है कि मौके का फायदा उठाकर दोनों आरोपी पुलिस की गाड़ी लेकर फरार हो गए। हालांकि कुछ दूरी तय करने के बाद उन्होंने वाहन को लावारिस हालत में छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फरार आरोपी धोखाधड़ी (धारा 420) के मामले में आरोपी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद हरियाणा पुलिस और गरोठ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।








