
नीमच | संवाददाता: मेहमूद हुसैन, जावद (जिला नीमच)
नीमच पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत बुधवार को शहर में जनजागरूकता के उद्देश्य से एक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
साइकिल रैली का शुभारंभ पुलिस कंट्रोल रूम से हुआ। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के खेल मैदान पर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर पुलिस अधिकारियों और प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति का संदेश देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों को नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अभियान के अंतर्गत “नीमच फुटबॉल” के नाम से फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ते हुए “नशे से दूरी, खेल है जरूरी” का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, वन मंडलाधिकारी एस. के. अटोदे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, सीएसपी किरण चौहान सहित जिले के अनेक अधिकारी, पुलिस कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नीमच पुलिस का यह अभियान जिले में नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने की अपील की।
संवाददाता: मेहमूद हुसैन, जावद (जिला नीमच)
मो.: 6265103788








