
आगर मालवा में महिलाओं के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। घुमक्कड़ समाज की महिलाओं के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने के आरोप के बाद सर्व हिंदू समाज संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने जिला मुख्यालय बस स्टैंड के पास इंदौर–कोटा नेशनल हाईवे 552G पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उनके कथित अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। आंदोलन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
स्थिति को देखते हुए तहसीलदार विजयी सेनानी और थाना प्रभारी शशि उपाध्याय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि रविवार सुबह 11 बजे तक आरोपियों के कथित अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर चक्काजाम खोल दिया गया।
सर्व हिंदू समाज संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अत्याचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।





