आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए परेशान करने का आरोप, पुलिस अधीक्षक से शीघ्र कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग
धार। जिले के गुणावद तहसील क्षेत्र में एक हिंदू समाज की महिला की आत्महत्या के मामले को लेकर हिंदू समाज की ओर से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ग्राम गुणावद निवासी आरिफ पटेल, पिता उस्मान पटेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि महिला को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
ज्ञापन के अनुसार, हिंदू समाज की महिला आरती को आरोपी द्वारा पिछले कई दिनों से कथित रूप से परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार किए गए तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाया जा रहा था। ज्ञापन में दावा किया गया है कि घटना वाले दिन भी महिला को मोबाइल फोन के माध्यम से कथित तौर पर ब्लैकमेल किया गया।

ज्ञापन में आगे आरोप लगाया गया है कि इसके कुछ समय बाद महिला ने आत्महत्या कर ली। हिंदू समाज का कहना है कि आरोपी के मोबाइल फोन में महिला से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मौजूद थे और कथित तौर पर उनका गलत इस्तेमाल किया गया। ज्ञापन में महिला को लगातार प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
हिंदू समाज ने आरोप लगाया कि महिला की मौत के बाद भी पीड़ित परिवार को मामले को समाप्त करने के लिए कथित तौर पर दबाव का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस मामले को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल कलसाड़ा तथा श्री राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष केवल सिंह चावड़ा पलवाड़ा सहित हिंदू समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में पुलिस अधीक्षक से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, मामले की गंभीरता से जांच करने तथा महिला की आत्महत्या के पीछे बताए जा रहे ब्लैकमेलिंग और कथित प्रताड़ना के आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
करणी सेना न्यूज मध्यप्रदेश के लिए धार से वीरेंद्र सिंह देवड़ा

