मुख्य संपादक ठाकुर बंटी सिंह पालकी
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की अश्वारोही प्रतिमा का भव्य अनावरण, शौर्य यात्रा में रविंद्र सिंह भाटी और जीवन सिंह शेरपुर सहित बड़ी संख्या में समाजजन हुए शामिल
बड़नगर। उज्जैन जिले के बड़नगर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की अश्वारोही प्रतिमा के भव्य अनावरण समारोह का आयोजन किया गया। लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों और अथक मेहनत के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, युवा, मातृशक्ति और विभिन्न जिलों से पहुंचे करणी सेना के पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रतिमा अनावरण के अवसर पर नगर में भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई। भारी बारिश के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। हाथों में भगवा ध्वज और महाराणा प्रताप के जयकारों के साथ पूरा बड़नगर शौर्य और स्वाभिमान के जयघोष से गूंज उठा।

शौर्य यात्रा में राजस्थान के शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़नगर के नगरवासियों ने भी जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत किया।

आयोजन में करणी सेना परिवार के प्रदेश संगठन मंत्री अजीत सिंह खड़ी डोडिया, उज्जैन जिला अध्यक्ष सुमेर सिंह सिसोदिया, इंदौर जिला अध्यक्ष रिषिराज सिंह सिसोदिया, शाजापुर जिला अध्यक्ष सोनू बन्ना सापखेड़ा, सीहोर जिला अध्यक्ष ईश्वर सिंह और रायसेन जिला अध्यक्ष सचिन सिंह राजपूत सहित कई जिलों के जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महिला शक्ति की भी रही प्रमुख सहभागिता
कार्यक्रम में महिला इकाई क्षत्राणी करणी सेना परिवार की प्रदेश अध्यक्ष ममता जितेंद्र सिंह सहित दुर्गेश कुंवर भाटी और स्वाति सिंह मौजूद रहीं। प्रदेश की अन्य महिला पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भी शौर्य यात्रा एवं कार्यक्रम में सहभागिता की।
मंचीय कार्यक्रम में वीरता और स्वाभिमान का संदेश
शौर्य यात्रा के पश्चात आयोजित मंचीय कार्यक्रम में विशाल जनसमुदाय मौजूद रहा। मंच से वक्ताओं ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जीवन, उनके त्याग, वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संदेश दिया।
भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य रूप दिया। शौर्य यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब और जगह-जगह हुए स्वागत ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
आयोजकों ने इस ऐतिहासिक अवसर पर पधारे सभी सम्माननीय अतिथियों, करणी सेना के पदाधिकारियों, महिला इकाई की पदाधिकारियों, समाजजनों, युवाओं, मातृशक्ति और बड़नगर की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
बड़नगर की धरती पर हुआ यह आयोजन वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को समर्पित रहा। आयोजकों के अनुसार, महाराणा प्रताप का जीवन समाज को सदैव वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रहित के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप अमर रहें।
भारत माता की जय।

