
करणी सेना न्यूज मध्यप्रदेश | विशेष संवाददाता
गौमाता के सम्मान, गौसंरक्षण और कानून के समान अनुपालन की मांग को लेकर मंगलवार को जिले के विभिन्न हिंदू एवं सामाजिक संगठनों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जनसुनवाई के दौरान जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को अपनी मांगों से अवगत कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि गौसेवकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है, तो गोचर भूमि पर अतिक्रमण करने वालों तथा कानून का उल्लंघन करने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से सभी के लिए एक समान कानून लागू करने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान गौसेवक, बजरंग दल, करणी सेना परिवार , विभिन्न सामाजिक संगठन एवं हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने “जय श्री राम” और “जय गौ माता” के जयघोष लगाते हुए गौसंरक्षण के मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, गौसेवकों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा गौसंरक्षण से जुड़े मामलों में प्रभावी और समान कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।





