
शाजापुर। आगामी 9 अगस्त को शाजापुर जिले में प्रस्तावित भव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा को सफल, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से करणी सेना परिवार द्वारा रविवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के आयोजन, संभावित रूट, जनसंपर्क अभियान, सुरक्षा व्यवस्था और सर्व समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

यह बैठक राजपूत छात्रावास, कुंभलगढ़ मझानिया जोड़ स्थित आरटीओ कार्यालय के पास आयोजित की गई, जिसमें संगठन के जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारियों, महिला क्षत्राणियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय करने और गांव-गांव व शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।

करणी सेना परिवार के प्रदेश संगठन मंत्री अजित सिंह खड़ी डोडिया ने बताया कि 9 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारियां पूरी गति से चल रही हैं। हालांकि अंतिम कार्यक्रम संगठन के शीर्ष नेतृत्व की स्वीकृति के बाद आधिकारिक रूप से घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सर्व समाज के सहयोग से विशाल और अनुशासित तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का संदेश देना है। यात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और सर्व समाज के लोगों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में विशेष रूप से शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

बैठक के दौरान यात्रा के संभावित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वागत स्थलों, प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर करणी सेना परिवार के जिला अध्यक्ष सोनू बना सांपखेड़ा, संगठन के जिला पदाधिकारी, महिला क्षत्राणियां एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: दिनेश केलकर, जिला ब्यूरो चीफ, शाजापुर
करणी सेना न्यूज मध्यप्रदेश








