
खरगोन। सिरवेल से झापड़ीमली मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य जारी है। निर्माण के दौरान ठेकेदार द्वारा ग्रामीणों की आवाजाही के लिए बनाया गया अस्थायी बायपास मार्ग लगातार हो रही बारिश के कारण कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। हालत यह है कि इस मार्ग से गुजरना अब लोगों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार ने बायपास तो बना दिया, लेकिन उसे व्यवस्थित नहीं किया गया। बारिश के मौसम में मार्ग पर न तो बोल्डर डाले गए और न ही मुरुम बिछाई गई, जिससे दोपहिया, चारपहिया वाहन और पैदल चलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार चारपहिया वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं और उन्हें निकालने में घंटों मशक्कत करनी पड़ती है।
यह सड़क सिरवेल, झापड़ीमली, धवली, सेंधवा, बड़वानी, खरगोन, इंदौर के साथ-साथ महाराष्ट्र के चोपड़ा, धुलिया, जलगांव, मालेगांव, नासिक, मुंबई और पुणे सहित एक दर्जन से अधिक प्रमुख शहरों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में यदि बायपास की स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो क्षेत्र का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।
ग्राम धवली निवासी कालू शेख ने बताया कि लोग मजबूरी में जान जोखिम में डालकर बायपास से निकल रहे हैं। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में मार्ग को सुरक्षित बनाना ठेकेदार की जिम्मेदारी है। यदि किसी बीमार मरीज को सिरवेल या खरगोन अस्पताल ले जाना पड़े तो इस मार्ग से निकलना बेहद कठिन हो जाता है। कीचड़ और फिसलन के कारण वाहन पुलिया के पास बने गहरे गड्ढों में गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है।
वहीं झापड़ीमली निवासी रामू भाई डावर ने बताया कि बारिश के कारण बायपास पूरी तरह खराब हो चुका है। आदिवासी महिलाओं को छोटे-छोटे बच्चों के साथ नदी पार कर आवागमन करना पड़ रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहन आए दिन कीचड़ में फंसकर खराब हो रहे हैं, जिससे लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि बायपास मार्ग को तत्काल व्यवस्थित किया जाए ताकि बारिश के दौरान ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधि अब क्षेत्र की इस गंभीर समस्या से अनजान बने हुए हैं। वहीं प्रशासन और संबंधित विभाग का भी इस ओर ध्यान नहीं गया है। ऐसे में ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे जल्द से जल्द सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था किए जाने की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट: दिग्विजय सिंह पटेल, खरगोन
करणी सेना न्यूज़ मध्यप्रदेश







