
रायसेन। जिले की उदयपुरा तहसील में राष्ट्रीय किसान संगठन के नेतृत्व में किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर अपनी आवाज बुलंद की और गल्ला मंडी में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद किसान तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां शासन-प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द मांगें पूरी करने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि प्रदेश के किसान बिजली, खाद और फसल खरीदी जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से कृषि कार्य के लिए प्रतिदिन 12 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने तथा मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो सभी किसान संगठनों को साथ लेकर प्रदेशव्यापी और बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश शासन की होगी।
उदयपुरा में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए। वहीं रायसेन जिले के अन्य क्षेत्रों में भी किसानों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आक्रोश व्यक्त किया तथा सरकार से तत्काल समाधान की मांग की।








