
सारंगपुर। बढ़ते हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर के विरोध में सोमवार को सारंगपुर में करणी सेना परिवार एवं सर्व समाज के संयुक्त नेतृत्व में मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी (MPEB) कार्यालय का विशाल घेराव किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में नागरिक, किसान, व्यापारी, युवा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बढ़े हुए बिजली बिलों को वापस लेने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान करणी सेना परिवार के जिला अध्यक्ष मयंक सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा है और लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गरीब और शोषित वर्ग को न्याय नहीं मिला तथा बिजली बिलों में राहत नहीं दी गई, तो करणी सेना परिवार सर्व समाज के साथ मिलकर संपूर्ण सारंगपुर नगर बंद का आह्वान करेगा। इसके साथ ही एसडीएम कार्यालय का विशाल घेराव कर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में बिजली बिलों की समीक्षा, उपभोक्ताओं को राहत, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के समाधान और आम जनता के हित में ठोस निर्णय लेने की मांग की गई।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। करणी सेना परिवार ने स्पष्ट किया कि यदि शासन-प्रशासन ने समय रहते सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आगामी आंदोलन पहले से अधिक व्यापक और जनभागीदारी वाला होगा।








