
रतलाम, 27 जून। जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के जेठाना गांव में युवक-युवती के लापता होने के बाद हुए खूनी संघर्ष और फायरिंग मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं लापता युवक-युवती और मारपीट के कुछ आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। घटना में घायल तीन लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने बताया कि गुरुवार दोपहर गांव का लक्की सिंह राजपूत और आंजना समाज की एक युवती लापता हो गए थे। युवती के परिजनों ने कालूखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और युवक पर संदेह जताया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
रात में हुआ विवाद, चली गोली
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर युवती पक्ष के लोग युवक के घर पहुंचे थे, जहां कहासुनी के बाद मामला शांत हो गया। लेकिन देर रात युवती के मामा पक्ष के लोग दोबारा पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और फायरिंग हो गई। इस घटना में ऋतुराज आंजना (33), जगदीश आंजना (50) और विक्रम आंजना (40) घायल हो गए। तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़की पक्ष के शंकरलाल आंजना (70), विजय आंजना (26) और अमृतलाल आंजना (40) को गिरफ्तार किया है। वहीं लड़के पक्ष से दिलावर सिंह उर्फ बन्नू सिंह राजपूत (45) और भेरू सिंह राजपूत (34) को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में दोनों पक्षों के कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
युवक-युवती की तलाश जारी
पुलिस लापता युवक और युवती की भी लगातार तलाश कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा एक साथ दी थी और तभी से एक-दूसरे को जानते थे। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण एवं शांतिपूर्ण बताई जा रही है।
रिपोर्ट: पवन सिंह राठौर
करणी सेना न्यूज़ मध्यप्रदेश
मो.: 8085469888








