एक्सपायरी ब्रेड, दूषित खाद्य सामग्री और पीडीएस का नमक जब्त, वेंडरों पर होगी सख्त कार्रवाई
नर्मदापुरम, 19 जुलाई।
इटारसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर रेलवे स्टेशन परिसर से जुड़े खानपान वेंडरों के ठिकानों पर संयुक्त छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान एक्सपायरी ब्रेड, दूषित खाद्य सामग्री, 1 क्विंटल 85 किलो पीडीएस नमक और 3 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। कई स्थानों पर भोजन बेहद गंदगी भरे माहौल में तैयार होता मिला।

संयुक्त टीम ने की छापेमारी
अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीएम नीलेश शर्मा और एसडीओपी श्री मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम में तहसीलदार सुनीता साहनी, थाना प्रभारी सौरभ पांडे, खाद्य विभाग के अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दीयावार, आरआई रितेश कुमार और पटवारी लोकेश ठाकरे शामिल रहे।

गंदगी में बन रहा था यात्रियों का भोजन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई वेंडर अत्यंत अस्वच्छ वातावरण में यात्रियों के लिए भोजन तैयार कर रहे थे। एक वेंडर के यहां से एक्सपायरी ब्रेड बरामद हुई, जिसका नमूना जांच के लिए भेजा गया। वहीं दूसरे ठिकाने से बड़ी मात्रा में आलू की सब्जी की तरी, पके हुए आलू और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्री मिली। नगर पालिका ने मौके पर ही इन खाद्य पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी।

पीडीएस नमक मिलने से बढ़ी जांच
छापेमारी के दौरान 1 क्विंटल 85 किलो पीडीएस नमक मिलने से प्रशासन भी हैरान रह गया। प्राथमिक जांच में यह नमक सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) का बताया गया है। अब यह जांच की जा रही है कि सरकारी राशन का नमक निजी खानपान वेंडरों तक कैसे पहुंचा और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
तीन गैस सिलेंडर भी जब्त
कार्रवाई के दौरान तीन गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं। प्रशासन उनकी वैधता और सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है। अधिकारियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही कुछ वेंडर अपने ठिकानों पर ताला लगाकर फरार हो गए। प्रशासन ने ऐसे सभी स्थानों की पहचान कर आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
इन वेंडरों पर हुई कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार कार्रवाई उन वेंडरों पर की गई जो मुख्य टेंडरधारी कंपनी के माध्यम से कार्य कर रहे थे। इनमें राहुल इंटरप्राइजेज के लिए शेख इरफान खान, अतुल अवस्थी के यहां अजय महाला तथा होटल धर्मराज के लिए राजकुमार बघेल कार्य करते हुए पाए गए।

कड़ी कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने रेलवे स्टेशन सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर खाद्य सामग्री तैयार करने वाले वेंडरों की नियमित जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित फर्मों और वेंडरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, PDS कंट्रोल ऑर्डर 2015 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।







