
नालों पर अवैध अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान तेज, आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश
उज्जैन। शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा नालों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देशन एवं मौजूदगी में वार्ड क्रमांक 14 के अंतर्गत भार्गव मार्ग सब्जी मंडी से टंकी चौराहे तक विशेष अभियान चलाकर नालों के ऊपर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की जेसीबी मशीन की सहायता से नालों पर बने अस्थायी ओटले एवं अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में जहां भी नालों पर इस प्रकार के अतिक्रमण पाए जाएं, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
आयुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि नालों पर किए गए अतिक्रमण से सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न होती है, जल निकासी प्रभावित होती है तथा यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है। ऐसे अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे और नगर निगम का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने मार्ग पर स्थित जर्जर भवनों का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया, जोनल अधिकारी श्याम सुंदर शर्मा, सुनील जैन सहित नगर निगम की रिमूवल गैंग मौजूद रही।
रिपोर्ट : प्रेम राजपूत दरबार
सिटी रिपोर्टर, करणी सेना न्यूज़ उज्जैन








