
ब्रेकिंग न्यूज़ | उज्जैन
कार्रवाई की मांग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, उज्जैन-आगर हाईवे पर चक्काजाम कर पढ़ी हनुमान चालीसा
उज्जैन जिले के राघवी थाना क्षेत्र के घोंसला गांव में पुराने विवाद में कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ ग्रामीणों ने मंगलवार शाम उज्जैन-आगर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
करीब 150 से 200 ग्रामीण हाईवे पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर लगभग 500 मीटर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह बन्देवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब आधे घंटे में प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात दोबारा सुचारु हो गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।








