
उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में वीआईपी कल्चर और दर्शन व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद के 70 से अधिक कार्यकर्ता आम श्रद्धालुओं की तरह सामान्य दर्शन लाइन में खड़े होकर बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मंदिर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए दर्शन व्यवस्था में सुधार और सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंदिर प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर वीआईपी दर्शन व्यवस्था पर पुनर्विचार करने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों को दूर करने की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर सभी श्रद्धालुओं को समान अवसर मिलना चाहिए और दर्शन व्यवस्था में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। वहीं, मंदिर प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।








