
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके परिवार से जुड़ी जमीनों एवं कंपनियों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।
पटवारी ने दावा किया कि कुल भूमि स्वामित्व रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार और रिश्तेदारों के नाम पर 245 प्लॉट में लगभग 335 एकड़ भूमि दर्ज है। उन्होंने विभिन्न परिजनों के नाम पर भूमि स्वामित्व का विवरण भी सार्वजनिक किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चार रियल एस्टेट कंपनियों का इस मामले में उल्लेख सामने आया है, जिनमें मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनकी पत्नी सीमा यादव की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी बताई गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी सीमा यादव और पुत्र वैभव यादव से 25 एकड़ भूमि जुड़ी हुई है, जबकि परिवार के अन्य करीबी रिश्तेदारों के नाम पर भी बड़ी मात्रा में जमीन दर्ज होने का दावा किया गया है।
जीतू पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के मंत्री एवं बाद में मुख्यमंत्री बनने के दौरान कई सड़क परियोजनाएं उन क्षेत्रों के आसपास से निकाली गईं, जहां परिवार से जुड़ी भूमि स्थित है।
कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हालांकि, इन आरोपों पर मुख्यमंत्री मोहन यादव या राज्य सरकार की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।








