पीथमपुर। नाबालिग का स्कूल और अन्य स्थानों पर पीछा कर अशोभनीय एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में सेक्टर-1 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल धार भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना सेक्टर-1 पीथमपुर में अपराध क्रमांक 564/2026 दर्ज किया गया था। मामले में धारा 75(2), 78(2), 79, 351(2) बीएनएस तथा धारा 11(i)/12 और 11(iv)/12 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
स्कूल और रास्तों पर करता था पीछा
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी पीड़िता के स्कूल एवं अन्य स्थानों पर आने-जाने के दौरान उसका पीछा करता था और उसके प्रति अशोभनीय एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, नगर पुलिस अधीक्षक पीथमपुर कमल सिंह चौहान एवं थाना प्रभारी सेक्टर-1 के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 अक्टूबर 2026 को आरोपी रोहित पटेल पिता बसंत कुमार पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम महगुवा, पोस्ट बंधा, तहसील तेंदूखेड़ा, जिला नरसिंहपुर, हाल मुकाम छत्रछाया कॉलोनी पीथमपुर को गिरफ्तार** किया।
आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल धार भेजने के आदेश दिए गए।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक प्रवीण ठाकरे, उपनिरीक्षक दशरथ सिंह मंडलोई एवं प्रधान आरक्षक 881 अनिल द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

