शातिर आरोपी गिरफ्तार, 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
पीथमपुर। थाना सेक्टर-1 पीथमपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पीथमपुर क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारूल बेलापुरकर के निर्देशन में वाहन चोरों की धरपकड़ और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे थे।
इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक पीथमपुर के मार्गदर्शन में थाना सेक्टर-1 प्रभारी निरीक्षक प्रवीण ठाकरे ने पुलिस टीम गठित कर वाहन चोरी के मामलों में आरोपियों की तलाश शुरू की।
02 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में पीथमपुर स्थित महिंद्रा ब्रिज के नीचे मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और ऋषिकेश डावर पिता श्रीराम डावर, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम नंदगांव, थाना मानपुर, जिला इंदौर को चोरी की मोटरसाइकिल बेचते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने थाना सेक्टर-1 पीथमपुर क्षेत्र के साथ-साथ अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर विधिवत जप्त कीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹7.50 लाख है।
पुलिस द्वारा आरोपी से आगे भी पूछताछ की जा रही है, ताकि वाहन चोरी की अन्य घटनाओं तथा इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
ऋषिकेश डावर पिता श्रीराम डावर, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम नंदगांव, थाना मानपुर, जिला इंदौर।
बरामदगी:
10 चोरी की मोटरसाइकिलें, अनुमानित कीमत ₹7.50 लाख।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रवीण ठाकरे सहित प्रधान आरक्षक राकेश कटारिया, महेश यादव, सुधीर यादव, मुकेश गिरवाल, अनिल द्विवेदी तथा आरक्षक राहुल भदौरिया, विक्की कुशवाह, महेन्द्र राजपूत, सुरेश चौहान एवं शिवम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

