पीथमपुर, धार (मध्यप्रदेश)। पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर नाबालिग लड़की से मिलने के आरोप में एक युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला हाउसिंग चौराहे के पास स्थित एक बिल्डिंग के कमरे का बताया जा रहा है। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता हरि सिंह रघुवंशी को मामले की सूचना मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर नाबालिग लड़की से मिलने और उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-1 थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल फोन की भी जांच कर रही पुलिस
एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से अन्य लड़कियों की तस्वीरें और वीडियो मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि इन तस्वीरों और वीडियो का मामले से क्या संबंध है।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। आरोपों की वास्तविक स्थिति और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।