डी-मार्ट से साप्ताहिक बाजार तक बढ़ी निगरानी, सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे पुलिस जवान
पीथमपुर। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर-1 थाना पुलिस ने निगरानी व्यवस्था और सख्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में हमारे प्रतिनिधि ने सेक्टर-1 थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे से मुलाकात की। इस दौरान उनका श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।
चर्चा के दौरान थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार भ्रमण कर संवेदनशील स्थानों का जायजा ले रही है। डी-मार्ट क्षेत्र में बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन खड़े रहने के कारण वाहन चोरी की आशंका को देखते हुए सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और चौकीदार की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।
साप्ताहिक बाजार में विशेष निगरानी
शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोरी, झपट्टा मारने और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र के असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। चोरी और झपट्टा मारने जैसी वारदातों में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जाएगी। साथ ही अपराधियों को संरक्षण देने वालों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया जाएगा।
जनता की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
प्रवीण ठाकरे ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार सक्रिय रहना है। जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।
करणी सेना न्यूज मध्यप्रदेश

