पीथमपुर। 8 अक्टूबर गुरुवार को आगामी नवरात्रि, नवदुर्गा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पीथमपुर सेक्टर-1 थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने विभिन्न उत्सव समितियों के संस्थापकों एवं पदाधिकारियों के साथ त्योहारों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की।
थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे ने स्पष्ट कहा कि धार्मिक आयोजन भक्ति, श्रद्धा और मर्यादा के साथ किए जाएं। नवदुर्गा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य रहेगा। आयोजन स्थल के साथ आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी आयोजकों को सुनिश्चित करनी होगी। रात के समय पंडाल में समिति के जिम्मेदार सदस्य मौजूद रहें, ताकि किसी भी स्थिति में व्यवस्था तत्काल संभाली जा सके।
चुनरी यात्रा हो या बड़ा धार्मिक आयोजन, अनुमति जरूरी
श्री ठाकरे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनरी यात्रा, शोभायात्रा अथवा किसी भी बड़े सार्वजनिक आयोजन के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। क्षेत्र में बड़े स्तर पर होने वाले धार्मिक आयोजनों की जानकारी भी पुलिस प्रशासन को देना होगी। इसी तरह दशहरा पर्व पर होने वाले आयोजनों की सूचना समय पर पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पंडाल में भक्ति रहे, अश्लीलता नहीं
थाना प्रभारी ने आयोजन समितियों को दो टूक कहा कि नवदुर्गा पंडाल भक्ति और आस्था के केंद्र हैं। इसलिए यहां अश्लील या आपत्तिजनक गाने नहीं बजाए जाएं। धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखते हुए भक्तिमय वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन का विशेष दल निगरानी रखेगा। आयोजन समितियों को भी अपने सदस्यों के साथ मिलकर भीड़ और व्यवस्था संभालने में पुलिस का सहयोग करना होगा।
बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार श्रद्धा और उल्लास से मनाएं, लेकिन सुरक्षा, अनुशासन और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस और आयोजन समितियों के समन्वय से पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।

