वीरेंद्र सिंह देवड़ा धार जिला ब्यूरो
धार, 31 जुलाई 2026। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धार जिले में परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की गई। 16 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चले इस अभियान में कुल 350 स्कूल वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 54 वाहन विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इन वाहनों पर कुल 4 लाख 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन आयुक्त एवं धार कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देशानुसार अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री हृदेश यादव के नेतृत्व में परिवहन उप निरीक्षक कुमारी दिव्या पाटीदार, सहायक वर्ग-2 श्री मधुकर सिसोदिया एवं विभागीय टीम ने धार, राजगढ़, मनावर, बदनावर, सरदारपुर, पीथमपुर और सादलपुर क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में यह विशेष जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान 12 स्कूल वाहन बिना परमिट, 22 वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, 5 वाहन बिना बीमा, 5 वाहन बिना पंजीयन संचालित पाए गए। इसके अलावा 8 वाहनों में इमरजेंसी गेट बाधित मिला, जबकि 6 वाहनों में अग्निशमन यंत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इन सभी मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹4.64 लाख का जुर्माना वसूला गया।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री हृदेश यादव ने बताया कि जिले में सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सभी स्कूल वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें।

