
108 दीपों की दिव्य दीपमाला से हुई महाआरती, प्रभात फेरी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब; 22 जुलाई की भव्य रथयात्रा में शामिल होने का आह्वान
पीथमपुर (धार)। भगवान जगन्नाथ की भक्ति में पीथमपुर नगरी पूरी तरह सराबोर नजर आई। भगवान जगन्नाथ की 22 जुलाई को निकलने वाली भव्य रथयात्रा के उपलक्ष्य में मनकामनेश्वर श्री हनुमान जी मंदिर, मनतारा एवेन्यू, मनवानी परिसर सेक्टर-1 में भगवान जगन्नाथ कथा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 108 दीपों की दिव्य दीपमाला प्रज्वलित कर भगवान श्री हनुमान जी की महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद वृंदावन के वरिष्ठ भक्त पूज्य सर्वसाक्षी प्रभु जी ने भगवान जगन्नाथ की दिव्य महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस का आनंद कराया।
कथा के दौरान पूज्य सर्वसाक्षी प्रभु जी ने कहा कि “भगवान जगन्नाथ केवल एक देवता नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के नाथ हैं। उनकी रथयात्रा प्रेम, सेवा, समानता और मानवता का संदेश देती है।” उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केवल भगवान का स्मरण करना ही भक्ति नहीं है, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धा और समर्पण है।
कथा का समापन रात्रि करीब 10 बजे हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी से भक्तिमय हुआ पीथमपुर
इससे पहले मंगलवार सुबह कथा स्थल से हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कथा स्थल पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन और भगवान जगन्नाथ के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में तुलसी मनवानी, अशोक पटेल, लक्ष्मीनारायण आसोलिया, कालू जायसवाल, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कविता प्रदीप द्विवेदी, रमेशचंद्र मिश्रा, कौशल वर्मा, टी.आर. मिश्रा, वीरेंद्र उपाध्याय, इस्कॉन मंदिर पीथमपुर के प्रमुख रणवीर कृष्ण दास महाराज, सत्यनारायण यादव, विष्णु शर्मा, महेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन इस्कॉन मंदिर इंदौर के भक्तों द्वारा किया गया। समिति ने पीथमपुर सहित आसपास के श्रद्धालुओं से अपील की है कि 22 जुलाई बुधवार दोपहर 2 बजे महाराणा प्रताप बस स्टैंड से निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें।
रिपोर्ट — संदीप सिंह राणा
पीथमपुर, धार-इंदौर
संवाददाता — करणी सेना न्यूज मध्यप्रदेश







