
वीरेंद्र सिंह देवड़ा धार जिला ब्यूरो चीफ
धार, 26 जुलाई 2026। मध्यप्रदेश के धार जिले में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत रविवार को विशाल नशामुक्ति जन-जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन से शुरू हुई इस मैराथन में जिलेभर से 13 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 3000 से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा स्वयं 8 किलोमीटर की दौड़ में शामिल हुए और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विशेष टी-शर्ट वितरित की गई। साथ ही चिकित्सा सहायता, ओआरएस युक्त पेयजल और स्वल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई थी। मैराथन से पहले आयोजित जुम्बा और एरोबिक्स सत्र ने प्रतिभागियों में ऊर्जा का संचार किया, जबकि जिला पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों ने पूरे आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया। बच्चों के बीच लोकप्रिय कार्टून पात्र मोटू-पतलू भी आकर्षण का केंद्र रहे और उन्होंने मनोरंजक अंदाज में नशामुक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम का एक विशेष पहलू कारगिल विजय दिवस को समर्पित श्रद्धांजलि भी रही। सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने कारगिल के अमर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रतियोगिता के विजेताओं को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक द्वारा मेडल, प्रशस्ति-पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 4 किलोमीटर और 8 किलोमीटर की महिला एवं पुरुष वर्ग की दौड़ों में विजेताओं को ₹1,000 से लेकर ₹5,000 तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को भी प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन ने धार जिले में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता का मजबूत संदेश दिया।







