
इंदौर | करणी सेना न्यूज मध्यप्रदेश
इंदौर में सफाई कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर वाल्मीकि सेना (मार्शल कोर) द्वारा चल रहे आंदोलन को अब करणी सेना परिवार का भी समर्थन मिल गया है। करणी सेना परिवार के इंदौर जिला अध्यक्ष ऋषिराज सिंह सिसोदिया ने वाल्मीकि सेना के प्रमुख श्री संतोष कल्याणी से मुलाकात कर आमरण अनशन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन एवं एकजुटता व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार, संतोष कल्याणी पिछले छह दिनों से सफाई कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और न्यायोचित मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं। आंदोलन का उद्देश्य नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान और उनकी मांगों पर सरकार एवं प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है।
इस अवसर पर ऋषिराज सिंह सिसोदिया ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक और सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि करणी सेना परिवार सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े हर लोकतांत्रिक आंदोलन के साथ खड़ा है।

इससे पूर्व करणी सेना परिवार, मध्यप्रदेश की ओर से वाल्मीकि सेना (मार्शल कोर) के आंदोलन को समर्थन देते हुए एक आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया, जिसमें संगठन ने सफाई कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का समर्थन करते हुए उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ रहने का भरोसा जताया।

करणी सेना परिवार ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों की सभी न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि उन्हें उनका सम्मान, अधिकार और न्याय मिल सके तथा आंदोलन का जल्द समाधान निकल सके।
फिलहाल सफाई कर्मचारियों का आंदोलन जारी है और विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है।





