
नर्मदापुरम। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन की दिशा में इनरव्हील क्लब नर्मदापुरम रॉयल्स ने ग्राम डोंगरवाड़ा में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया। इस अवसर पर क्लब की सदस्याओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन क्लब की अध्यक्ष ममता शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इसमें ग्राम सरपंच माखन कीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। अभियान के दौरान आम, बादाम, गुलमोहर, अमरूद, बेलपत्र और नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी पौधों की देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
क्लब की मीडिया प्रभारी रीना चौकसे ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए पौधारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। इसी उद्देश्य से क्लब लगातार सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार किया जा सकता है।
क्लब की सचिव कविता करैया ने कहा कि इनरव्हील क्लब नर्मदापुरम रॉयल्स केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी निरंतर कार्य करता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी क्लब जनहित और प्रकृति संरक्षण से जुड़े विभिन्न अभियान चलाता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी पौधारोपण अभियान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। क्लब की सदस्याओं ने लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं और हर विशेष अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाएं।
इस अवसर पर आरती चौकसे, रिचा दुबे, रिचा शर्मा, आरती फौजदार, ज्योति अग्रवाल सहित इनरव्हील क्लब की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
संवाददाता : रुद्र प्रताप सिंह चौहान, नर्मदापुरम







