
छतरपुर। छतरपुर जिले के किशनगढ़ क्षेत्र स्थित बराना नदी में पिछले 16 दिनों से चल रहे सांकेतिक ‘चिता आंदोलन’ को प्रशासन ने रविवार तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में समाप्त करा दिया।
आंदोलन के 17वें दिन सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाते हुए आंदोलन स्थल खाली कराया। इस दौरान आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अमित भटनागर समेत उनके कई साथियों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि अमित भटनागर हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा सहित कई गंभीर धाराओं के मामलों में फरार चल रहे थे। इन्हीं मामलों के आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि बराना नदी में चल रहा यह सांकेतिक ‘चिता आंदोलन’ क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और केन–बेतवा परियोजना के विरोध को लेकर चर्चा में था। हालांकि प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और लंबित प्रकरणों का हवाला देते हुए कार्रवाई की है।

फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।





