
मध्य प्रदेश की राजनीति में तीसरे विकल्प की दस्तक! शाजापुर से करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। अम्मू ने कहा कि मध्य प्रदेश में करणी सेना, जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेगी, जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 50 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी भी संगठन कर रहा है। शाजापुर में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार से लेकर चुनावी रणनीति तक कई अहम मुद्दों पर मंथन हुआ। अम्मू के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
शाजापुर की पावन धरती पर करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू का प्रथम आगमन हुआ। इस अवसर पर करणी सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत के बाद आयोजित संगठनात्मक बैठक में जिले और प्रदेश के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पदाधिकारियों से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान सूरजपाल सिंह अम्मू ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में करणी सेना तीसरे विकल्प के रूप में जनता के बीच जाएगी और जीवन सिंह शेरपुर के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प तैयार करने की दिशा में संगठन तेजी से काम कर रहा है।
इतना ही नहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दावा किया कि करणी सेना उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 50 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन अब केवल सामाजिक मुद्दों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी कर रहा है।
शाजापुर में हुई इस बैठक को करणी सेना की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयानों के बाद अब प्रदेश की राजनीति में करणी सेना की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में संगठन अपने चुनावी रोडमैप और कार्यक्रमों को किस तरह आगे बढ़ाता है, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी।
रिपोर्ट: चंद्रेश जैन, सिटी रिपोर्टर, शाजापुर
जिला ब्यूरो: दिनेश केलकर
करणी सेना न्यूज़ मध्य प्रदेश







