
दलौदा। राम-जानकी मंदिर की भूमि पर कथित अतिक्रमण के विरोध में दलौदा क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मंदिर की जमीन पर एक विशेष समुदाय के व्यक्ति द्वारा कब्जा किया गया है, लेकिन प्रशासन द्वारा मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतें और आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई की गति बेहद धीमी रही, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। इसी के चलते ग्रामीणों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाया और प्रशासन से जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। लोगों का कहना है कि जब तक मंदिर की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त नहीं कराया जाता और प्रशासन ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।





