
इंदौर के विजयनगर क्षेत्र में अवंतिका गैस पाइपलाइन में आग लगने की घटना पर करणी सेना परिवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। करणी सेना परिवार के इंदौर जिला अध्यक्ष ऋषिराज सिंह सिसोदिया ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है, जिसमें प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
ऋषिराज सिंह सिसोदिया ने बताया कि करणी सेना परिवार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और मांग करता है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा, राहत और न्याय मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ितों को न्याय नहीं मिला, तो करणी सेना परिवार जनहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
करणी सेना परिवार ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जाए।





